चंडीगढ़, 27 मार्च (भाषा) सेना द्वारा दूध पाउडर की खेप को अस्वीकार किए जाने के बाद पंजाब की सहकारी समिति ‘मिल्कफेड’ ने शुक्रवार को लुधियाना स्थित अपनी डेयरी इकाई के एक महाप्रबंधक और दो अन्य अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सेना ने पंजाब सरकार की डेयरी सहकारी समिति ‘मिल्कफेड’ के दूध पाउडर की पूरी खेप को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया है कि इसके नमूने कथित तौर पर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
‘मिल्कफेड’ अपने उत्पादों को ‘वेरका’ ब्रांड के तहत बेचती है। ‘मिल्कफेड’ सेना को दूध पाउडर, पनीर, फ्लेवर्ड दूध, टेट्रा पैक दूध और अन्य सामग्री की आपूर्ति करती है।
‘मिल्कफेड’ के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि मिल्क यूनियन के महाप्रबंधक दलजीत सिंह, मिल्क यूनियन के गुणवत्ता प्रबंधक गुरइकबाल सिंह और उत्पादन प्रबंधक परितोष मिश्रा के निलंबन के तीन अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
जम्मू स्थित सेना सेवा कोर के कमान अधिकारी ने लुधियाना जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (वेरका) को भेजे गए एक पत्र में लगभग 125 मीट्रिक टन दूध पाउडर की खेप को अस्वीकार कर दिया।
इस पत्र की एक प्रति रक्षा मंत्रालय के मुख्य खरीद निदेशक को भी भेजी गई।
भाषा शफीक संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
