पटना, 27 मार्च (भाषा) राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही राज्य विधान परिषद (एमएलसी) की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके करीबी सहयोगी और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार को यह संकेत दिया।
झा ने हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया कि कुमार कब तक अपनी एमएलसी सीट छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “संविधान में प्रावधान है कि 14 दिनों के भीतर इस्तीफा देना होता है। उसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया होगी।”
उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। संविधान के अनुसार, यदि कोई राज्य विधायक या विधान परिषद सदस्य संसद के लिए चुना जाता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर अपनी पूर्व सदस्यता छोड़नी होती है।
जद(यू) के कुछ नेताओं का मानना है कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन फिलहाल टल सकता है, क्योंकि नियमों के तहत कोई व्यक्ति बिना विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य हुए भी अधिकतम छह महीने तक मुख्यमंत्री पद पर बना रह सकता है।
इस बीच, विपक्ष द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था “देश में सबसे बेहतर” है।
उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को तुरंत पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाता है और अपराधियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाता।
भाषा
कैलाश रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
