scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशभाजपा-माकपा का कोई समझौता कारगर साबित नहीं होगा, कांग्रेस को जनता का समर्थन प्राप्त है : थरूर

भाजपा-माकपा का कोई समझौता कारगर साबित नहीं होगा, कांग्रेस को जनता का समर्थन प्राप्त है : थरूर

Text Size:

अलप्पुझा (केरल), 27 मार्च (भाषा) कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को दावा किया कि माकपा और भाजपा के बीच कथित तौर पर हुआ कोई भी समझौता चुनावों में काम नहीं आएगा, क्योंकि कांग्रेस का ‘‘जनता के साथ समझौता’’ है।

कायमकुलम में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा, ‘‘वाम दलों का लक्ष्य सत्ता में बने रहना है। भाजपा का लक्ष्य कांग्रेस को खत्म करना है। इसलिए अगर कोई समझौता होता है, तो वह वाम दलों और भाजपा के बीच ही होगा।’’

थरूर ने कहा कि वाम दलों को लगता है कि सत्ता विरोधी मतों के बंटवारे से उन्हें (वाम दलों) फायदा होगा।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘वे जानते हैं कि अगर भाजपा कांग्रेस के मतों में सेंध लगाती है, तो उन्हें लाभ होगा। यही उनका समझौता है।’’

थरूर ने कहा कि दूसरी ओर, कांग्रेस का जनता के साथ समझौता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जनता से हमारे साथ खड़े होने की अपील कर रहे हैं। अगर हम जीतते हैं, तो आप (जनता) राज्य का नेतृत्व करेंगे। नयी सरकार केरल की समस्याओं का समाधान करेगी।’’

उन्होंने कहा कि मतदाता जानते हैं कि उन्हें किसे समर्थन देना है।

थरूर ने कहा, ‘‘चाहे जो भी समझौता हो, लोग जानते हैं कि भाजपा को वोट देना व्यर्थ है। भाजपा के पास यहां एक भी सीट नहीं है। अगर वे दो-तीन सीट जीत भी लें, तो क्या वे सरकार बना पाएंगे?’’

उन्होंने कहा कि केरल में चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के बीच है।

थरूर ने कहा, ‘‘ज्यादातर लोग एलडीएफ सरकार को हटाना चाहते हैं, और इसके लिए उन्हें यूडीएफ को वोट देना होगा।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments