scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशउप्र: रियाद में मिसाइल हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार ने आर्थिक मदद की मांग की

उप्र: रियाद में मिसाइल हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार ने आर्थिक मदद की मांग की

Text Size:

सीतापुर (उत्तर प्रदेश), 26 मार्च (भाषा) सऊदी अरब के रियाद में संदिग्ध मिसाइल हमले में मारे गए उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय युवक के परिवार ने प्रशासन से मुआवजे और उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की थी।

रवि गोपाल नामक युवक का शव विदेश मंत्रालय की मदद और जिला प्रशासन के सहयोग से बुधवार को सऊदी अरब से सीतापुर स्थित उनके पैतृक गांव बघैन लाया गया था। बाद में शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

गांव के बड़ी संख्या में लोग गोपाल को अंतिम विदाई देने पहुंचे। गोपाल पिछले साल से सऊदी अरब की राजधानी में एक प्लास्टिक फैक्टरी में वाहन चालक के रूप में काम कर रहे थे।

गोपाल का अंतिम संस्कार उनके बड़े भाई मनमोहन दयाल ने परिवार के सदस्यों और स्थानीय अधिकारियों की मौजूदगी में किया। गोपाल के परिवार में उनकी पत्नी, माता-पिता और चार साल का एक बेटा है।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि इस घटना के बाद उनकी पत्नी रितु बदहवास है।

दयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता की सख्त जरूरत है और उसने गोपाल की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है ताकि वह आजीविका कमा सके।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं स्थानीय विधायक आशा मौर्य ने उनकी मांगों पर शीघ्र कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

महमूदाबाद के उप संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) बी के सिंह ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि परिवार ने मुआवजे और नौकरी की मांग की है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता दे रहा है।

भाषा सं जफर सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments