scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशमणिपुर: उखरुल में झड़प के बाद बंकरों को ध्वस्त किया गया

मणिपुर: उखरुल में झड़प के बाद बंकरों को ध्वस्त किया गया

Text Size:

इंफाल, 25 मार्च (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी की घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने कई बंकरों को ध्वस्त कर दिया। गोलीबारी की घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि लिटान पुलिस थाने के अंतर्गत कई स्थानों पर संचालित किए गए अभियान में लेंगियांगचिंग और मोंगकोट चेपु गांवों में स्थित बंकरों को निशाना बनाया गया।

यह कार्रवाई लिटान सारेइखोंग के पास कुकी और तांगखुल नगा ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर की गई है, जहां फरवरी में हुई झड़पों में 30 से अधिक घर जला दिए गए थे।

तब से, मोंगकोट चेपु और शार्काफुंग जैसे आस-पास के गांवों में बार-बार गोलीबारी की घटनाएं देखने को मिली हैं।

मंगलवार को पड़ोसी कामजोंग जिले के शार्काफुंग में गोलीबारी में तांगखुल नगा समुदाय के दो लोग घायल हो गए, जबकि सोमवार को मोंगकोट चेपु में एक कुकी महिला घायल हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान बड़ी संख्या में खाली कारतूस भी बरामद किए।

उन्होंने कहा कि गहन गश्त और सैनिकों की रणनीतिक तैनाती के माध्यम से क्षेत्र पर पकड़ बना ली गई है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments