चंडीगढ़, 24 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को घोषणा की कि आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) इस वर्ष अक्टूबर में पंजाब में आयोजित की जाएगी।
यह टूर्नामेंट मोहाली और जालंधर में खेला जाएगा।
जालंधर में पिछली बार कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन वर्ष 2006 में हुआ था, जब पाकिस्तान के खिलाफ एक हाई-प्रोफाइल टेस्ट मैच सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेला गया था।
इस बार होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) और एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) के तत्वावधान में पंजाब में आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट होगा।
मुख्यमंत्री मान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहली बार होगा जब पंजाब में कोई अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
टूर्नामेंट के स्थल तय कर दिए गए हैं, लेकिन इसकी तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को हॉकी इंडिया और एएचएफ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें दिलीप टिर्की भी मौजूद थे।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने पीटीआई से कहा, ‘‘ इस साल एसीटी का आयोजन पंजाब में होगा। हमने यह टूर्नामेंट पंजाब को आवंटित किया है। यह एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि भारतीय हॉकी की पंजाब पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। ’’
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जालंधर में 44 वर्षों के अंतराल के बाद राष्ट्रीय अंडर-13 बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जो राज्य के खेल ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भाषा आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
