नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) ने मंगलवार को भारत सरकार के साथ चार प्रमुख परियोजनाओं के लिए ऋण समझौते किए।
इन परियोजनाओं में पंजाब में सतत बागवानी को बढ़ावा देने की योजना और मुंबई मेट्रो लाइन परियोजना शामिल हैं।
इन चार परियोजनाओं का कुल ऋण 16,420 करोड़ रुपये है।
जेआईसीए ने एक बयान में कहा कि भारत सरकार के साथ चार प्रमुख परियोजनाओं के लिए आधिकारिक विकास सहायता (ओडीए) ऋण प्रदान करने को समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
नयी दिल्ली में यह ऋण समझौता वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों विभाग के संयुक्त सचिव आलोक तिवारी और जेआईसीए इंडिया कार्यालय के मुख्य प्रतिनिधि ताकेउची ताकुरो के बीच किया गया।
चार परियोजनाओं में महाराष्ट्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवा वितरण, चिकित्सा शिक्षा प्रणाली और नर्सिंग शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की परियोजना (6,229.4 करोड़ जापानी येन), पंजाब में सतत बागवानी को बढ़ावा देने की परियोजना (1,868.4 करोड़ जापानी येन), बेंगलुरु मेट्रो रेल परियोजना (तीसरा चरण) ( 10,248 करोड़ येन) और मुंबई मेट्रो लाइन 11 परियोजना (9,240 करोड़ येन) शामिल है।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
