scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजिंदल स्टेनलेस ने इंडोनेशिया में 12 लाख टन क्षमता की परियोजना चालू की

जिंदल स्टेनलेस ने इंडोनेशिया में 12 लाख टन क्षमता की परियोजना चालू की

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) जिंदल स्टेनलेस ने मंगलवार को इंडोनेशिया में 12 लाख टन क्षमता के स्टेनलेस स्टील मेल्ट शॉप (एसएमएस) के चालू होने की घोषणा की। इसे कंपनी की जारी 5,700 करोड़ रुपये की विस्तार योजना के तहत स्थापित किया गया है।

कंपनी ने कहा कि इसके साथ उसकी वार्षिक ‘मेल्टिंग’ क्षमता बढ़कर 42 लाख टन सालाना हो गई है।

जिंदल स्टेनलेस के हिसार (हरियाणा) और जाजपुर (ओडिशा) स्थित संयंत्रों में संयुक्त रूप से 30 लाख टन सालाना ‘मेल्टिंग’ क्षमता है। कंपनी ने एक संयुक्त उद्यम के तहत इंडोनेशिया में 12 लाख टन सालाना क्षमता की स्टेनलेस स्टील मेल्ट शॉप चालू की है।

कंपनी ने 2027-28 की दूसरी तिमाही तक हिसार और खड़गपुर (पश्चिम बंगाल) में भारत में कोल्ड रोल्ड क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 900 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की भी घोषणा की। कंपनी ने 2024 में स्टेनलेस स्टील में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने के लिए लगभग 5,700 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी।

स्टेनलेस स्टील मेल्टिंग शॉप एक विशेष औद्योगिक सुविधा है जहां निकल पिग आयरन या फेरोनिकल, क्रोमियम, स्टेनलेस स्टील स्क्रैप और फेरो मिश्रधातु जैसे प्रमुख कच्चे माल को पिघलाकर और परिष्कृत करके उच्च गुणवत्ता वाला तरल स्टेनलेस स्टील तैयार किया जाता है।

जिंदल स्टेनलेस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा, ‘‘निर्धारित समय से पहले इंडोनेशिया संयंत्र का चालू होना…. कच्चे माल की सुरक्षा और विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments