scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशपंजाबी बाग में कार से महिला को कुचलने के आरोप में उपनिरीक्षक गिरफ्तार

पंजाबी बाग में कार से महिला को कुचलने के आरोप में उपनिरीक्षक गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस के उस उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अपनी एसयूवी कार से पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में सड़क निर्माण स्थल पर काम कर रही 45-वर्षीय महिला मजदूर को कथित तौर पर कुचल दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान लकी के रूप में हुई है, जो रणजीत नगर थाने में तैनात है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास वशिष्ठ कुमार गुल्ला मार्ग पर हुई, जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था।

पीड़िता धर्मवती सड़क के बीचोंबीच सफाई कर रही थी, तभी कथित रूप से उपनिरीक्षक द्वारा चलाई जा रही स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने उसे कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, उसे गंभीर चोटें आईं और उसे मोती नगर स्थित आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पंजाबी बाग थाने में दुर्घटना के संबंध में फोन कर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कानूनी कार्यवाही शुरू की।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (तेज रफ्तार से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसने बताया कि दुर्घटना में शामिल एसयूवी को ज़ब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments