scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमरिपोर्ट‘जन-जन की सरकार’ के 4 साल पूरे, सीएम धामी बोले—विकास और विरासत के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

‘जन-जन की सरकार’ के 4 साल पूरे, सीएम धामी बोले—विकास और विरासत के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसले लिए हैं, जिससे उत्तराखंड विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के चार साल पूरे होने पर विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों और 1.25 करोड़ प्रदेशवासियों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है.

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के बेहतर संतुलन के साथ ‘डेवलपमेंट के साथ हेरिटेज’ के मंत्र पर देवभूमि उत्तराखंड के सतत विकास और लोगों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसले लिए हैं, जिससे उत्तराखंड विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है.

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें “धुरंधर धामी” बताया. उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया और राज्य ने कई क्षेत्रों में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है.

रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड को आस्था, आध्यात्म, संस्कृति और ऋषियों की भूमि बताते हुए कहा कि देवभूमि का विकास देश के लिए महत्वपूर्ण है. उन्होंने अपने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उसी दौरान उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था.

share & View comments