भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने UPSC-2025 में चयनित अभ्यर्थियों से संवाद कर उन्हें जिम्मेदारी का महत्व समझाया. राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘सफलता के मंत्र’ कार्यक्रम में चयनित युवाओं का सम्मान किया गया. इस अवसर पर सीएम ने ‘प्रतिभाओं का वर्जन’ पत्रिका का अनावरण भी किया और अभ्यर्थियों की सफलता पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई गई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि UPSC में चयनित युवा पूरे मध्यप्रदेश का गौरव हैं. उन्होंने कहा कि सफलता के साथ जिम्मेदारी भी आती है और अधिकारियों को ठहराव से आगे बढ़ते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब देश 2047 में आजादी का अमृतकाल मनाएगा, तब ये युवा महत्वपूर्ण पदों पर रहकर उस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे.
सिविल सेवा परीक्षा में मध्यप्रदेश के 61 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। टॉप 10 में 2 उम्मीदवारों ने जगह बनाई है। सिविल सेवा के क्षेत्र में प्रदेश के उम्मीदवारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
आज भोपाल में 'सफलता के मंत्र' कार्यक्रम में चयनित उम्मीदवारों को सफल सिविल सेवा के लिए… pic.twitter.com/FkyeIdGnJU
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 23, 2026
सीएम डॉ. यादव ने युवाओं से अपेक्षा जताई कि वे गरीब और जरूरतमंदों की मदद करें, नवाचार को बढ़ावा दें और ईमानदारी के मार्ग पर चलें. उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक स्थान तक सीमित नहीं होती और प्रदेश के छोटे-छोटे शहरों से भी युवाओं ने बड़ी सफलता हासिल की है.
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए साथियों को प्रेरित किया. 5वीं रैंक हासिल करने वाले ईशान भटनागर ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना जरूरी है, जबकि 260वीं रैंक पाने वाली प्राची चौहान ने अपनी उपलब्धि को राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा बताया.
इस दौरान कई चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे.
