नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में आर्थिक समीक्षा 2025-26 सोमवार को पेश की.
आर्थिक समीक्षा के अनुसार, प्रति व्यक्ति आय मौजूदा कीमतों पर अग्रिम अनुमान के अनुसार 2025-26 में 5,31,610 रुपये तक पहुंचने की संभावना है जो 2024-25 के मुकाबले 7.92 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है.
समीक्षा के अनुसार, 2025-26 के दौरान दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से लगभग ढाई गुना अधिक रहने का अनुमान है. 2025-26 के लिए अनुमानित राजस्व अधिशेष 9,661.31 करोड़ रुपये है जो सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 0.73 प्रतिशत है.
मौजूदा कीमतों पर 2025-26 के दौरान दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद अग्रिम अनुमान के अनुसार 13,27,055 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है जो 2024-25 की तुलना में 9.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है.
इसमें कहा गया कि 2025-26 में दिल्ली सरकार का कर संग्रह सालाना आधार पर 15.54 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है.
वित्त वर्ष 2025-26 का बजट 1,00,000 करोड़ रुपये का था, जिसमें से 59,300 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा परियोजनाओं के लिए आवंटित किए गए हैं. यह राशि 2024-25 के बजट अनुमान में निर्धारित 39,000 करोड़ रुपये की तुलना में 20,300 करोड़ रुपये अधिक है.
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
