गुवाहाटी, 23 मार्च (भाषा) सत्तारूढ़ गठबंधन की एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए, गुवाहाटी की चार विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों ने सोमवार को शहर की सड़कों पर रैली निकाली और अपना नामांकन दाखिल किया।
रैली का नेतृत्व भाजपा के उम्मीदवार प्रद्युत बोरदोलोई (दिसपुर), दिप्लु रंजन शर्मा (न्यू गुवाहाटी) और विजय गुप्ता (सेंट्रल गुवाहाटी) और उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के तपन दास (दिमोरिया) ने किया।
गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र की पांचवीं सीट कामरूप (महानगर) से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा उम्मीदवार हैं।
शर्मा ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया था।
भाजपा और अगप के समर्थक सुबह से ही शहर के खानापारा मैदान में जुटने लगे।
एक वाहन में सवार होकर उम्मीदवारों ने जिला आयुक्त कार्यालय की ओर रैली निकाली, समर्थक पार्टी के झंडे लहराते और नारे लगाते रहे।
अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, उम्मीदवारों को सीमित संख्या में लोगों के साथ जिला आयुक्त कार्यालय तक पैदल ही जाना होगा।
भाजपा को अपने दिसपुर उम्मीदवार को लेकर काफी असंतोष का सामना करना पड़ा था जब पिछले सप्ताह ही भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस सांसद को मैदान में उतारा गया।
भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक अतुल बोरा का टिकट काट दिया, जिसके बाद बोरा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संकेत दिए थे कि वह निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं या फिर कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन दे सकते हैं।
हालांकि, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सक्रिय हस्तक्षेप कर उनसे संवाद स्थापित किया और अंततः उन्हें मना लिया।
मजबूत दावेदार माना जा रहे भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता जयंत दास ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वह दिसपुर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव नौ अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा खारी माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
