scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमरिपोर्टएक्शन मोड में सीएम डॉ. मोहन यादव: सीधी कलेक्टर हटाए, गुना एसपी पर भी गिरी गाज

एक्शन मोड में सीएम डॉ. मोहन यादव: सीधी कलेक्टर हटाए, गुना एसपी पर भी गिरी गाज

अचानक सीधी दौरे में सीएम ने सुनीं जन-समस्याएं, लापरवाही पर सख्त रुख; सहकारी बैंक जीएम निलंबित.

Text Size:

भोपाल/सीधी: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में नजर आए. रविवार 22 मार्च को उन्होंने अचानक सीधी जिले का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की. शिकायतें मिलने पर मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सीधी जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए. साथ ही सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को भी पद से हटाने के आदेश दिए गए. मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही उनकी नियुक्ति के साथ ही तय हो जाती है और यदि मैदानी स्तर पर शिकायतें मिलती हैं तो ऐसे अधिकारियों को जिम्मेदारी के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि दौरे के आधार पर प्रशासनिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे.

सीएम ने गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के हेरफेर के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी की भूमिका को संतोषजनक नहीं माना. इसके बाद उन्होंने गुना एसपी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी. जवाबदेही तय की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान और प्रशासन की जवाबदेही सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें और शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचाएं.

share & View comments