चंडीगढ़, 21 मार्च (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं ने शनिवार को एक सरकारी अधिकारी की आत्महत्या को लेकर पंजाब की भगवंत मान सरकार की कड़ी आलोचना की।
इस संबंध में मान ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि विपक्ष ने सरकार पर हमला तेज करते हुए परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की है।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री द्वारा इस्तीफा मांगने पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने पद छोड़ दिया।
अमृतसर में ‘पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन’ के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। एक कथित वीडियो में उन्होंने मंत्री पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
पंजाब के लहरागागा में एक रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया, जिसके कारण सरकारी अधिकारी भी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
वहीं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भुल्लर के इस्तीफे को ‘‘दिखावा’’ करार दिया।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि भुल्लर के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
