तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के राजेश रमेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां सत्र की पहली इंडियन ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की ए स्पर्धा में 400 मीटर का स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया।
रमेश ने 45.26 सेकंड का समय लिया, जो 2024 में बनाए गए उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 45.54 सेकंड से बेहतर था।
चोटिल होने के कारण रमेश पेरिस ओलंपिक के बाद कई प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले पाए थे लेकिन पिछले साल उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 45.75 सेकंड का समय निकाला, जो उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।
पुरुषों की फाइनल रेस को तीन श्रेणियों ए, बी और सी में बांटा गया था।
एनसीओई त्रिवेंद्रम के मनु टीएस ने रेस ए में 45.96 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जबकि दिल्ली के अमोज जैकब ने रेस सी में 45.99 सेकंड का समय लेकर जीत हासिल की और पुरुषों के वर्ग में कुल मिलाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
महिलाओं की फाइनल दौड़ दो श्रेणियों ए और बी में आयोजित की गई थी।
तमिलनाडु की विद्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ श्रेणी ए में 53.31 सेकंड का समय लेकर जीत हासिल की। जेएसडब्ल्यू की रशदीप कौर 53.62 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
कर्नाटक की विजय कुमारी जीके ने रेस बी में 53.55 सेकंड का समय लेकर जीती। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कुल मिलाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
अंडर 20 में पुरुषों की 400 मीटर दौड़ बिहार के पीयूष राज ने जबकि महिलाओं के वर्ग में उत्तर प्रदेश की रेशमा ने जीती। अंडर 18 वर्ग में पुरुषों में कर्नाटक के सैयद साबिर और महिलाओं में महाराष्ट्र की कशिश भगत ने पहला स्थान हासिल किया।
भाषा
पंत नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
