scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशवरिष्ठ बीजद नेता के घर पर हुआ हमला, पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

वरिष्ठ बीजद नेता के घर पर हुआ हमला, पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

Text Size:

भुवनेश्वर, 21 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने शनिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से यहां वरिष्ठ बीजद नेता और पूर्व मंत्री के आवास पर हुए हमले के बाद कानून व्यवस्था बहाली को लेकर हस्तक्षेप की मांग की ।

यहां राजधानी थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत के अनुसार, बीजद नेता प्रताप जेना के सुरक्षाकर्मियों ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात लगभग 15 बदमाशों ने उनके आवास पर हमला किया और अपशब्द कहे।

शिकायत के मुताबिक, हमलावरों के हाथों में लोहे की छड़ें, चाकू और आग्नेयास्त्र थे तथा उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया।

शुक्रवार सुबह बीजद ने उपाध्यक्ष (मुख्यालय) के रूप में जेना के हस्ताक्षर वाला एक नोटिस जारी कर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी की युवा और छात्र शाखा के 10 सदस्यों को निलंबित कर दिया।

अपने घर पर हुए हमले के बाद जेना ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की युवा और छात्र शाखा के कुछ निलंबित सदस्यों ने उनके आवास के बाहर हंगामा किया।

पटनायक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रताप जेना के आवास पर कल रात हुए सशस्त्र हमले की कड़ी निंदा करता हूं। राज्यसभा चुनाव में धन के बल पर लोकतंत्र का अपमान करने वालों के गुंडों ने हिंसा की इस घटना को अंजाम दिया। ये दो अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि कुशासन और अराजकता का एक स्पष्ट उदाहरण हैं।’’

पटनायक ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वह राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था को बहाल करने के लिए हस्तक्षेप करें।’’

हालांकि, प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता मनोज मोहपात्रा ने पटनायक के आरोप को खारिज करते हुए सवाल उठाया कि विधायक न होते हुए भी जेना सरकारी आवास में कैसे रह रहे हैं।

सरकारी आवास बीजद विधायक प्रशांत बेहरा के नाम आवंटित किया गया था।

मोहपात्रा ने कहा, ‘‘यह घटना बीजद के भीतर आंतरिक कलह का परिणाम थी और इसका कानून-व्यवस्था की स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है।’’

इस बीच, पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि जेना के घर पर हुए हमले के सिलसिले में सिद्धार्थ कुमार स्वैन (28) और देबी प्रसाद लेंका (34) नामक दो व्यक्तियों को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments