scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशअसम के मुख्यमंत्री को गोली मारने की धमकी देने वाला युवक अरुणाचल से गिरफ्तार

असम के मुख्यमंत्री को गोली मारने की धमकी देने वाला युवक अरुणाचल से गिरफ्तार

Text Size:

ईटानगर, 21 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान डोलाहफुलबाड़ी गांव निवासी कृष्णा डोर्नाल (29) के रूप में हुई है, जिसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

ईटानगर राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने बताया कि असम पुलिस ने सूचना दी थी कि आरोपी ने व्हाट्सऐप के जरिए मुख्यमंत्री को धमकी भरा संदेश भेजा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पूछताछ के दौरान डोर्नाल ने पुलिस को बताया कि उसने शराब की एक दुकान से पैसे का गबन किया था। जब दुकान मालिक ने उससे हिसाब मांगा, तो उसने असम के मुख्यमंत्री के आधिकारिक ईमेल पर पैसे की मांग करते हुए संदेश भेजा।

पुलिस ने बताया कि जब उसे कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने इंटरनेट से एक व्हाट्सऐप नंबर हासिल कर मुख्यमंत्री को धमकी भरा संदेश भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच के लिए आरोपी को असम पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

एसपी नेगा ने लोगों से संयम बरतने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह का दुरुपयोग या कानून का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments