scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशकेरल विधानसभा चुनाव: एलडीएफ मंत्रियों, भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने नामांकन दाखिल किए

केरल विधानसभा चुनाव: एलडीएफ मंत्रियों, भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने नामांकन दाखिल किए

Text Size:

(फोटो के साथ)

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) केरल राज्य के मंत्रियों, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

पी राजीव, वी शिवनकुट्टी, आर बिंदू और पी ए मोहम्मद रियास सहित राज्य के कई मंत्रियों के साथ-साथ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता के. के. शैलजा और कडाकम्पल्ली सुरेंद्रन ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की ओर से क्रमशः कलामस्सेरी, नेमोम, इरिंजलकुडा, बेपोर, पेरावुर और कझाकूटम निर्वाचन क्षेत्रों से अपना नामांकन दाखिल किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर (नेमोम), पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन (कझकूटम) और भाजपा के कई अन्य उम्मीदवारों ने राजस्थान एवं गुजरात जैसे पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन पत्र दाखिल करते समय राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा चंद्रशेखर और मुरलीधरन के साथ थे जबकि त्रिशूर से पार्टी की उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल थे।

कांग्रेस की ओर से केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ, वरिष्ठ पार्टी नेता के. मुरलीधरन, अभिनेता रमेश पिशारोडी और पूर्व सांसद रम्या हरिदास ने क्रमशः पेरावुर, वट्टियूर्कवु, पलक्कड़ और चिरायिनकीझु विधानसभा सीट से दिन के दौरान अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

माकपा के पूर्व नेता जी. सुधाकरन ने अंबलपुझा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। सुधाकरन ने पार्टी छोड़ दी थी और अब संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उनका समर्थन कर रहा है।

विभिन्न दलों के कई नेताओं और उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले जनसभा की और रोड शो किया।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार 19 मार्च से अब तक लगभग 362 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है।

केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा सुरभि धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments