नैनीताल, 21 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार को एक कार के गहरी खाई में गिरने से वाहन में सवार दो पर्यटकों की मौत हो गयी और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना ज्योलिकोट-भवाली मार्ग पर खूपी के पास सुबह साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब पर्यटक जागेश्वर धाम की ओर जा रहे थे कि तभी गेठिया क्षेत्र में चालक का कार पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी अचानक 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस ने बताया कि वाहन के गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिसकर्मियों, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआएफ) और दमकल की टीमों ने बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि खाई से कार सवार चारों लोगों को बाहर निकाला गया जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उन्नाव के रहने वाले अंकित चौधरी और अभिराज के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि घायल अतुल दुबे और श्याम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबित, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा सं दीप्ति अमित जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
