scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशझारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने सरहुल और ईद पर दी लोगों को बधाई

झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने सरहुल और ईद पर दी लोगों को बधाई

Text Size:

रांची, 21 मार्च (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को सरहुल और ईद-उल-फितर के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राज्य का सबसे बड़ा आदिवासी पर्व सरहुल और मुस्लिम समुदाय का ईद-उल-फितर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे झारखंड में धार्मिक और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

राज्यपाल गंगवार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “पर्व ‘सरहुल’ की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। यह पावन पर्व प्रकृति का पुनर्सृजन, खुशी, और आशा का प्रतीक है तथा हमें पर्यावरण संरक्षण और सामंजस्यपूर्ण जीवन की ओर प्रेरित करता है।”

ईद की बधाई देते हुए उन्होंने कहा, “यह पर्व आपके जीवन में सुख और समृद्धि लाए तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को और सुदृढ़ करे।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएँ और जोहार। सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का प्रतीक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पर्व हमें सिखाता है कि जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलन बनाकर ही समृद्ध और सतत भविष्य की ओर बढ़ा जा सकता है। सरहुल का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए, यही कामना करता हूं।’’

ईद के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “ईद-उल-फितर पर सभी को दिली मुबारकबाद। यह त्योहार प्रेम, भाईचारे, दया और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। रमज़ान के महीने में किए गए संयम, सेवा और इबादत हमें समाज में करुणा और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। आप सभी खुशहाल रहें, यही दुआ करता हूं।’’

भाषा खारी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments