scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशभाजपा ने हिंदू देवी-देवताओं पर कथित टिप्पणी करने के लिए हेमंत सोरेन पर निशाना साधा

भाजपा ने हिंदू देवी-देवताओं पर कथित टिप्पणी करने के लिए हेमंत सोरेन पर निशाना साधा

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर विधानसभा में सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं के बारे में कथित टिप्पणियों को लेकर शुक्रवार को निशाना साधा और उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

भाजपा ने आरोप लगाया कि सोरेन और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य नेताओं के लिए हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाना और उनकी संस्कृति का उपहास करना एक ‘फैशन’ बन गया है।

यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर एक वीडियो के सामने आने के बाद आई, जिसमें सोरेन को यह कहते हुए सुना गया, ‘‘कभी-कभी, जब मैं ऐसी बातें सुनता हूं, तो मुझे हंसी आती है। हम उन लोगों में से हैं जो सबसे अधिक सरस्वती पूजा करते हैं, फिर भी सबसे प्रतिभाशाली बच्चे जापान में पैदा होते हैं। हम उन लोगों में से हैं जो सबसे अधिक लक्ष्मी पूजा करते हैं, फिर भी सबसे अमीर लोग अमेरिका में पैदा होते हैं। जरूर कुछ बुनियादी तौर पर गलत है।’’

भाजपा ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए सोरेन की कथित टिप्पणियों को ‘‘सनातन पर हमला और भारत का अपमान’’ बताया।

भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सनातन पर हमला भारत पर हमला है। वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन अनुयायियों की आस्था और संस्कृति को निशाना बनाना हेमंत सोरेन और ‘इंडी’ गठबंधन के नेताओं की आदत बन गई है। देवी-देवताओं का उपहास करना और रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाना अब उनके लिए एक ‘फैशन’ बन गया है। देश की जनता एक बार फिर सनातन का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी।’’

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी ने भी सोरेन की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘सनातन देवी-देवताओं का अपमान करना बेहद निंदनीय है। ‘इंडी’ गठबंधन के नेता लगातार यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि हिंदू समुदाय सहिष्णु है और इसलिए उसकी भावनाओं को आसानी से ठेस पहुंच सकती है।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया बयान हमारी सनातन परंपराओं, संस्कृति और आस्था का स्पष्ट अपमान है।’’

इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सनातन पर हमला; तुष्टीकरण की पराकाष्ठा है। ‘इंडी’ गठबंधन के लिए, आस्था और संस्कृति महज राजनीतिक हथियार हैं – जहां भी उन्हें चुनावी फायदा दिखता है, सम्मान और अपमान का अर्थ उसी के अनुसार बदल जाता है। देश अब जागरूक है; जनता सनातन का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी।’’

झारखंड से सांसद मनीष जायसवाल ने सोरेन से सवाल किया, ‘‘क्या मुख्यमंत्री में किसी अन्य धर्म का इस तरह से मजाक उड़ाने का साहस है?’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments