scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएयरटेल ने जनवरी में 44.06 लाख मोबाइल ग्राहक जोड़े, जियो के नए कनेक्शन 24.37 लाख बढ़े: ट्राई

एयरटेल ने जनवरी में 44.06 लाख मोबाइल ग्राहक जोड़े, जियो के नए कनेक्शन 24.37 लाख बढ़े: ट्राई

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारती एयरटेल ने जनवरी में 44.06 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़कर साल के पहले महीने में बड़ी बढ़त हासिल की है। वहीं, दूरसंचार नियामक ट्राई द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो के नेटवर्क से इस दौरान 24.37 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े।

देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी जियो ने जनवरी में 24.37 लाख मोबाइल कनेक्शन जोड़े, जिससे उसके कुल वायरलेस ग्राहकों की संख्या बढ़कर 49.14 करोड़ हो गई।

विशेष रूप से भारती एयरटेल ने इस महीने के दौरान अपनी बाजार स्थिति मजबूत की और 44.06 लाख नए वायरलेस ग्राहक जोड़े। इसके साथ ही जनवरी में एयरटेल का ग्राहक आधार बढ़कर 46.77 करोड़ पहुंच गया।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर, 2025 में एयरटेल के ग्राहकों की संख्या 46.33 करोड़ थी।

दूसरी ओर, वोडाफोन आइडिया (वीआईएल) को इस दौरान नुकसान उठाना पड़ा और उसके 4.11 लाख मोबाइल ग्राहक कम हो गए। इसके साथ ही कंपनी के वायरलेस ग्राहकों की संख्या घटकर 19.9 करोड़ रह गई।

ट्राई ने बयान में कहा कि जनवरी, 2026 के अंत तक देश में कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 105.27 करोड़ हो गई है, जो दिसंबर, 2025 के अंत में 105.06 करोड़ थी।

ब्रॉडबैंड खंड (वायर वाले और बिना वायर वाले) में भी रिलायंस जियो 51.75 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद एयरटेल (35.92 करोड़) और वोडाफोन आइडिया (12.89 करोड़) का स्थान है।

बाजार हिस्सेदारी के मामले में जियो के पास 49 प्रतिशत से अधिक और एयरटेल के पास 34.13 प्रतिशत हिस्सा है। सरकारी कंपनी बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 2.96 करोड़ दर्ज की गई।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments