कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मसीउर गाजी (41) की हत्या की गई है जोकि देगंगा क्षेत्र के चंपटाला ग्राम पंचायत में बूथ संख्या-178 के अध्यक्ष थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गाजी का खून से लथपथ शव बृहस्पतिवार को हारोआ पुलिस थाना क्षेत्र के नोब्बाई पट घेरी के पास सड़क किनारे मिला।
उन्होंने बताया कि गाजी पेशे से कपड़ा व्यापारी और तृणमूल के स्थानीय पदाधिकारी थे।
पुलिस को संदेह है कि गाजी की हत्या कहीं और की गई थी और शव को इस स्थान पर लाकर फेंका गया।
पुलिस ने कहा कि आंतरिक प्रतिद्वंद्विता और व्यापारिक विवादों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
तृणमूल कांग्रेस की देगंगा पंचायत समिति के सदस्य रंजय प्रमाणिक ने बताया कि गाजी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और इलाके में बूथ अध्यक्ष के पद पर थे।
इस घटना से जिले में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है, जहां विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा
शफीक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
