scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेश28 फरवरी से लेकर अब तक पश्चिम एशिया से 2.6 लाख लोग भारत लौट चुके हैं : विदेश मंत्रालय

28 फरवरी से लेकर अब तक पश्चिम एशिया से 2.6 लाख लोग भारत लौट चुके हैं : विदेश मंत्रालय

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच, सरकार ने बुधवार को कहा कि 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 2.6 लाख लोग भारत लौट चुके हैं।

पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर यहां एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में, विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने कहा कि बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए लगभग 70 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बारे में बताया।

जायसवाल ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की एक बार फिर कड़ी निंदा की, जिनके परिणामस्वरूप निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।’’

जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति व्यक्त की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दोनों नेता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’’

अमेरिका-इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमला किए जाने के बाद से यह दूसरी बार था जब मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति से बात की।

ईरान ने जवाबी हमला करते हुए खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

जायसवाल ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास भारतीय नागरिकों, विशेषकर छात्रों की सहायता कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई और भारतीयों ने आर्मेनिया और अजरबैजान जाने के लिए ईरानी सीमा पार करने की इच्छा व्यक्त की है।

महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम नाविकों और फंसे हुए भारतीय नागरिकों को सहायता प्रदान करने के साथ ही कांसुलर सेवाएं जारी रखे हुए हैं… हमने खाड़ी क्षेत्र में भारतीय छात्रों की मदद के लिए विशेष प्रयास किए हैं।’’

महाजन ने पत्रकारों को बताया कि 28 फरवरी से अब तक पश्चिम एशिया क्षेत्र से लगभग 2.6 लाख लोग भारत लौट चुके हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments