scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशउत्तर-पश्चिम दिल्ली में किशोर पर हमला करने वाले तीन नाबालिग पकड़े

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में किशोर पर हमला करने वाले तीन नाबालिग पकड़े

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार में पुराने विवाद को लेकर 16 वर्षीय लड़के की चाकू मारने के मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। इनमें से एक हाल ही में हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया था। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पीसीआर ने फोन कर 12 मार्च को अशोक विहार इलाके में चाकूबाजी की घटना में 16 वर्षीय अल्ताफ के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। किसी प्रत्यक्षदर्शी के नहीं होने व पीड़ित के बयान देने की स्थिति में नहीं होने के कारण जांचकर्ताओं के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण था।

पुलिस के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने कहा कि होश में आने के बाद पीड़ित ने हमलावरों में से एक का नाम बताया, जिससे एक अहम सुराग मिला। स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं और निगरानी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और संदिग्धों का पता लगाया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद तीन नाबालिगों को पकड़ा गया जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपियों ने बताया कि वे पीड़ित को जानते थे और एक मामूली बात पर उनके बीच पहले कहासुनी हुई थी, जो बाद में दुश्मनी में बदल गई। उन्होंने बदले की भावना से उस पर हमला करने की साजिश रची और घटना वाले दिन उसे रोककर चाकू से वार किया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए नाबालिगों में से एक को पिछले साल उसी थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में हाल ही में जमानत पर रिहा किया गया था।

आरोपी की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments