लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस मौके पर सीएम योगी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि बहुगुणा ने समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए.
महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकप्रिय राजनेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
देश की स्वाधीनता के साथ ही सामाजिक जन-जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को प्रखर… pic.twitter.com/gNZ1HNwYJH
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 17, 2026
उन्होंने कहा, “आज स्वतंत्रता सेनानी हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि है. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेशवासियों की ओर से मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उन्होंने सामाजिक जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए.”
सीएम योगी ने कहा कि बहुगुणा ने देश की आजादी के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा, “स्वतंत्र भारत में जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने कई उल्लेखनीय कार्य किए. उनके द्वारा लिए गए फैसले समाज के हर वर्ग के कल्याण, देश की समृद्धि और आम जनता के हित में थे.”
उन्होंने आगे कहा कि बहुगुणा के कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा हैं और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
इस दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी मौजूद रहे.
हेमवती नंदन बहुगुणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और वर्ष 1973 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे.
