scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशकेरल: माकपा ने चुनावी घोषणा से पहले ही अंबलप्पुझा में प्रचार अभियान शुरू किया

केरल: माकपा ने चुनावी घोषणा से पहले ही अंबलप्पुझा में प्रचार अभियान शुरू किया

Text Size:

अलाप्पुझा (केरल), 15 मार्च (भाषा) केरल के अंबलप्पुझा निर्वाचन क्षेत्र में अपने बागी नेता जी. सुधाकरन से मुकाबले के लिए तैयार सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने आधिकारिक चुनाव घोषणा होने से कुछ घंटे पहले और पार्टी के उम्मीदवार घोषित किए जाने से पहले ही अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया।

अंबलप्पुझा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में रविवार सुबह से ही माकपा के मौजूदा विधायक एच. सलाम के नाम और पार्टी के प्रतीक चिह्न वाले चित्र दीवारों पर दिखाई देने लगे।

पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन के आवास के पास पुन्नप्रा में भी कुछ चुनावी बैनर एवं पोस्टर और चित्र देखे गए।

माकपा को यहां सुधाकरन से चुनौती मिलने की संभावना है। सुधाकरन ने हाल में आरोप लगाया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया मंचों पर उन पर व्यक्तिगत हमले किए। इसके बाद उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए पार्टी छोड़ने और एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया।

अंबलप्पुझा को वामपंथी पार्टी का गढ़ माना जाता है और यह 2006 से लगातार इस सीट पर जीत हासिल करती आ रही है।

सुधाकरन ने 2006, 2011 और 2016 में यह सीट जीती थी, लेकिन 2021 में उन्हें एक और मौका देने से इनकार कर दिया गया।

सुधाकरन के करीबी सहयोगी सलाम ने 2021 में विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

भाषा यासिर सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments