नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम एएफसी एशियाई कप सऊदी अरब 2027 के क्वालीफायर का अपना अंतिम मैच हांगकांग के खिलाफ 31 मार्च को कोच्चि में खेलेगी।
भारत पहले ही एएफसी एशियाई कप 2027 में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो चुका है। अब उसका लक्ष्य अपने क्वालीफाइंग अभियान का अंत जीत के साथ करना होगा। हांगकांग की टीम भी क्वालीफाई करने की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
क्वालीफायर के संदर्भ में यह मैच भले ही औपचारिकता मात्र हो, लेकिन फीफा रैंकिंग के अंक दांव पर लगे होने के कारण इस मैच का महत्व बना हुआ है।
भारत क्वालीफाइंग का अपना तीसरा मैच घरेलू मैदान पर खेलेगा। इससे पहले उसने पिछले साल मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ शिलांग में और अक्टूबर में सिंगापुर के खिलाफ मडगांव में मैच खेला था।
यह 10 साल में पहली बार होगा जब भारतीय टीम कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मैच खेलेगी। इससे पहले उसने आखिरी बार मार्च 2016 में इस मैदान पर फीफा विश्व कप क्वालीफायर में तुर्कमेनिस्तान का सामना किया था।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
