चंडीगढ़, 14 मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस ने शनिवार को आईएसआई प्रायोजित आतंकी और हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान में एक एके-47 राइफल, तीन अत्याधुनिक नौ मिमी ग्लॉक पिस्तौल, दो मैगजीन तथा 36 कारतूस भी जब्त किए।
इसने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अटारी निवासी गुरसेवक सिंह उर्फ सूरज और छेहरटा निवासी अमरजीत सिंह उर्फ रोहित के रूप में हुई है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे अपने आका के संपर्क में थे।
उन्होंने कहा कि यह मॉड्यूल कट्टरता फैलाने और देश व पुलिस बल के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी में भी शामिल था।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इस मामले से जुड़ी कड़ियों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर ने बताया कि गिरफ्तारियां घरिंडा थाना क्षेत्र की टीमों द्वारा की गईं।
उन्होंने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने मुहावा गांव के पास संदिग्धों को पकड़ा।
अधिकारी ने बताया कि हथियारों की खेप विदेशी एजेंटों द्वारा पाकिस्तान के रास्ते भेजी गई थी।
उन्होंने कहा कि ये हथियार पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए थे।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
