scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमखेलअब टीम इंडिया का मतलब है जीत: जय शाह

अब टीम इंडिया का मतलब है जीत: जय शाह

Text Size:

मुंबई, 14 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने भारत की जीत की मौजूदा लय की तुलना अतीत की अजेय ऑस्ट्रेलियाई टीमों से करते हुए शनिवार को कहा कि ‘टीम इंडिया’ नाम अब विश्व क्रिकेट में जीत की पहचान बन गया है।

भारतीय पुरुष टीम हाल में अहमदाबाद में एकतरफा फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बनी। नवंबर में महिला टीम ने अपना पहला विश्व कप जीता था।

वैश्विक खेल में भारत की मौजूदगी पर बात करते हुए शाह ने एक निजी पुरस्कार समारोह के दौरान कहा, ‘‘जैसे एक समय था जब ऑस्ट्रेलिया का मतलब जीत होता था, वैसे ही आज ‘टीम इंडिया’ का मतलब जीत है। अब यही हकीकत बन गई है। ’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व सचिव शाह को खेल के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

शाह ने यह पुरस्कार मैदान पर कड़ी मेहनत करने वाले खिलाड़ियों को समर्पित किया।

शाह ने कहा, ‘‘मैं यह पुरस्कार सभी खिलाड़ियों को खासकर उन महिला खिलाड़ियों को समर्पित करना चाहूंगा जो मैदान पर कड़ी मेहनत कर रही हैं। ’’

आईसीसी प्रमुख ने पिछले हफ्ते भारतीय टीम को मिली जीत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी बधाई दी। उन्होंने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सभी टीमों की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सूर्यकुमार, गौतम गंभीर और टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को बधाई देना चाहता हूं। मैं सिर्फ टीम इंडिया को ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीकी टीम और इंग्लैंड की टीम को भी बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने नॉकआउट चरण से पहले एक भी मैच नहीं हारा। ’’

शाह ने कहा, ‘‘और अंत में, फाइनल में पहुंचने वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को भी। जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया और मैदान पर कड़ी मेहनत की, उन्हें भी बधाई। ’’

शाह ने 2019 में बीसीसीआई सचिव का पद संभालने के बाद से भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियों को भी गिनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘2019 से जब मैं बीसीसीआई में शामिल हुआ, तब से लेकर 2026 तक, इन सात साल में टीम इंडिया ने दो अंडर-19 पुरुष विश्व कप, दो अंडर-19 महिला विश्व कप जीते हैं, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में एक बार उपविजेता रही, वनडे विश्व कप में एक बार उपविजेता रही, लगातार दो T20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं आप सभी को इसके लिए बधाई देता हूं। ’’

शाह नेकहा, ‘‘मुझे यह इसलिए याद है क्योंकि मैं 1998 से क्रिकेट देख रहा हूं और एक प्रशासक के तौर पर मैं 2009 से क्रिकेट का काम-काज संभाल रहा हूं। ’’

शाह ने भारतीय टीम को यह भी सलाह दी कि वे उसी जोश और जुनून के साथ कड़ी मेहनत करते रहें जिसने उन्हें हाल के वर्षों में सफलता दिलाने में मदद की है।

उन्होंने कहा, ‘‘गौतम भाई, सूर्यकुमार और इस मंच के जरिए मैं पूरी टीम को एक बार फिर एक संदेश देना चाहता हूं। एक प्रशासक के तौर पर अपने 17 वर्षो में मैंने यह सीखा है कि शिखर से नीचे गिरने में तो कुछ महीने ही लगते हैं, लेकिन नीचे से शिखर तक पहुंचने में वर्षों लग जाते हैं। ’’

शाह ने कहा, ‘‘आप लोगों (खिलाड़ियों) को बस अपना प्रदर्शन बरकरार रखना है, यह अपेक्षाकृत आसान है। इसलिए उतनी ही कड़ी मेहनत करते रहें जितनी आप अब तक करते आए हैं, ताकि आपको हर साल पुरस्कार मिलते रहें। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं बीसीसीआई में था तो मैंने 2028 के ओलंपिक तक की योजना बनाई थी। लेकिन फिर सूर्यकुमार ने कप्तान का पद संभाला और मैं आईसीसी में आ गया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई में मेरी जगह नए लोग आ गए हैं। आप सभी को मिलकर 2030 और 2032 के खेलों के लिए तैयारी करनी होगी। और 2036 के ओलंपिक के लिए भी। इसलिए उसके लिए भी तैयारी करें। ’’

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments