scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमखेलहेसन की टीम चयन में आजादी पर अंकुश लगाने के पक्ष में हैं पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ता

हेसन की टीम चयन में आजादी पर अंकुश लगाने के पक्ष में हैं पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ता

Text Size:

लाहौर, 14 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ता सीमित ओवरों की क्रिकेट के मुख्य कोच माइक हेसन को टीम के चयन में मिली आजादी से खुश नहीं हैं और उनका मानना है कि इस पर अंकुश लगाए जाने की जरूरत है।

पाकिस्तान के चयनकर्ता आकिब जावेद, मिस्बाह उल हक, सरफराज अहमद और असद शफीक ने शनिवार को लाहौर में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से टीम के बांग्लादेश से लौटने के बाद राष्ट्रीय टीम के चयन ढांचे की समीक्षा करने का अनुरोध किया है।

आकिब ने कहा, ‘‘टीम के स्वदेश लौटने के बाद हम कोच और कप्तान के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और राष्ट्रीय टीम के लिए उपयुक्त चयन प्रणाली तैयार करेंगे।’’

आकिब पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के निदेशक भी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल मई में हेसन के कार्यभार संभालने तक चयनकर्ता घरेलू और विदेशी श्रृंखला के दौरान अंतिम एकादश के चयन में भी अपनी भूमिका निभाते थे।

उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि हेसन पर हाल ही में टी20 विश्व कप के दौरान बाबर आजम और कुछ अन्य खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने और खिलाने के लिए दबाव डाला गया था।

आकिब ने कहा, ‘‘चयनकर्ताओं ने मुख्य कोच और कप्तान को 21 खिलाड़ियों की सूची दी थी और उन्होंने अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन किया। इसके अलावा प्रत्येक मैच में अंतिम एकादश का फैसला भी कप्तान और कोच ने किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम एकादश के चयन को लेकर हाल में व्यवस्था में बदलाव हुआ है लेकिन हम टीम के लौटने के बाद इसकी समीक्षा करेंगे।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments