नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में गर्मी के मौसम को देखते हुए जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मुख्यालय से लेकर प्रभागीय, वृत्त और जोन स्तर तक कुल 116 अग्नि नियंत्रण सेल स्थापित किए गए हैं. ये सभी सेल 24 घंटे तीन शिफ्ट में काम करेंगे और आग से जुड़ी हर सूचना का तुरंत रिकॉर्ड रखकर कार्रवाई करेंगे.
वन विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग मांगा है. लखनऊ में हेल्पलाइन नंबर 0522-2977310, 0522-2204676, 9651368060 और 7017112077 जारी किए गए हैं, जहां आग से जुड़ी सूचना दी जा सकती है. जिलों से मिलने वाली सूचना तुरंत मुख्यालय भेजी जाएगी.
प्रदेश में 15 जून तक वन अग्निकाल माना गया है. पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर यूपी के चित्रकूट, सोनभद्र, पीलीभीत, बहराइच, दुधवा, ललितपुर, बांदा और वाराणसी समेत कई वन प्रभागों को अतिसंवेदनशील और मध्य संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. इन क्षेत्रों में फॉरेस्ट फायर मॉक ड्रिल भी कराई जा चुकी है.
मुख्य वन संरक्षक अदिति शर्मा के अनुसार, वन्य जीवों के लिए जल स्रोत तैयार किए जा रहे हैं और वॉच टावरों की मरम्मत भी कराई जा रही है.
