scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमविदेशनकली बंदूकें, नकली पीड़ित, असली वीजा घोटालाः FBI ने डकैती का किया पर्दाफाश, 11 भारतीय गिरफ्तार

नकली बंदूकें, नकली पीड़ित, असली वीजा घोटालाः FBI ने डकैती का किया पर्दाफाश, 11 भारतीय गिरफ्तार

FBI का कहना है कि भारतीय नागरिकों के एक समूह ने मैसाचुसेट्स में शराब की दुकानों पर 'धमकियों' और CCTV फुटेज की मदद से नाटकीय ढंग से 'लूट' की घटनाओं को अंजाम दिया—ऐसा सिर्फ इसलिए किया गया ताकि क्लर्क और दुकान के मालिक अपराध के पीड़ितों के तौर पर वीज़ा के लिए आवेदन कर सकें.

Text Size:

नई दिल्ली: US की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने एक ऐसे मामले का पर्दाफाश किया है, जिसे जांचकर्ता एक सोची-समझी साजिश वाला इमिग्रेशन घोटाला बता रहे हैं.

US के न्याय विभाग (DoJ) का कहना है कि शुक्रवार को 10 भारतीय नागरिकों को (और एक को पहले ही) गिरफ्तार किया गया. इन पर आरोप है कि इन्होंने मैसाचुसेट्स भर में शराब की दुकानों और फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में हथियारबंद डकैतियों का नाटक रचा. यह चोरी करने के लिए नहीं, बल्कि ‘पीड़ित’ बनने के लिए किया गया था.

अधिकारियों के अनुसार, ये अपराध शुरू से आखिर तक पूरी तरह प्लान किए गए थे. नकली लुटेरे, डरे हुए क्लर्क, और पुलिस को घबराहट में किए गए फोन. यह सब हिंसक अपराध के सबूत गढ़ने के लिए किया गया था. सरकारी वकीलों का कहना है कि इसका मकसद दुकान के कर्मचारियों को इमिग्रेशन आवेदनों में झूठा दावा करने में मदद करना था कि वे अपराध के पीड़ित हैं, ताकि उन्हें US का वीजा मिल सके.

जांचकर्ताओं का कहना है कि कथित ‘लुटेरे’ और ‘पीड़ित’ इस साजिश में एक-दूसरे के साथ मिले हुए थे. उन्होंने सुविधा स्टोरों को नकली अपराधों के लिए एक सेट में बदल दिया था, जिसका मकसद अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम को धोखा देना था.

गिरफ्तार किए गए और जिन पर आरोप लगाए गए 10 भारतीय नागरिकों के अलावा, एक और भारतीय नागरिक दीपिकाबेन पटेल, जिसे US से डिपोर्ट कर दिया गया था, पर भी US के सरकारी वकीलों ने आरोप लगाए हैं. DoJ ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी 10 लोग US में गैर-कानूनी रूप से रह रहे थे.

US के अधिकारियों ने इनकी पहचान जितेंद्रकुमार पटेल, महेशकुमार पटेल, संजयकुमार पटेल, रामेशभाई पटेल, अमिताभेन पटेल, रोनककुमार पटेल, संगीताबेन पटेल, मिंकेश पटेल, सोनल पटेल और मितुल पटेल के रूप में की है.

FBI को कथित तौर पर पता चला है कि इन सभी आरोपियों ने एक रामभाई पटेल, जो खुद भी एक गैर-कानूनी प्रवासी है और वीजा धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड है, के साथ मिलकर मार्च 2023 में कम से कम छह नकली हथियारबंद डकैतियों की साजिश रची थी. यह सब ‘U नॉन-इमिग्रेशन स्टेटस वीजा’ (U वीजा) के आवेदनों में खुद को ‘पीड़ित’ दिखाने के लिए किया गया था.

DoJ ने बताया कि U वीजा उन कुछ खास अपराधों के पीड़ितों को दिया जाता है, जिन्हें मानसिक या शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ा हो, और जिन्होंने आपराधिक गतिविधियों की जांच या मुकदमे में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद की हो.

साजिश के हिस्से के तौर पर, FBI को यह भी पता चला कि इन डकैतियों की स्क्रिप्ट हर छोटी-बड़ी बात तक पहले से लिखी हुई थी. ‘लुटेरा’ दुकान के क्लर्कों या मालिकों को हथियार दिखाकर धमकाता, फिर कैश रजिस्टर से पैसे निकालकर भाग जाता. यह सब दुकान के सर्विलांस कैमरे में रिकॉर्ड हो जाता. पांच मिनट इंतजार करने के बाद, दुकान के मालिक या क्लर्क पुलिस को सूचना देते और ‘अपराध’ की रिपोर्ट करते. मार्च 2023 से चल रही जांच के दौरान, FBI ने पाया कि नकली हथियारबंद डकैतियों के कम से कम दो ऐसे कथित पीड़ितों ने U विजा के लिए आवेदन किया था, और इनमें से एक ‘पीड़ित’ ने इस साजिश में शामिल होने के लिए 20,000 डॉलर का भुगतान किया था. रामभाई पटेल पर यह भी आरोप है कि उन्होंने नकली डकैतियों के लिए दुकानों का इस्तेमाल करने के बदले दुकान मालिकों को पैसे दिए थे.

रामभाई पटेल को दिसंबर 2023 में FBI ने गिरफ्तार किया था और उन पर तथा उनके एक साथी बलविंदर सिंह पर आरोप लगाए गए थे. पिछले साल मई में, दोनों व्यक्तियों ने वीजा धोखाधड़ी की साजिश के आरोप को स्वीकार कर लिया था और उन्हें 20 साल और 8 दिन की सजा सुनाई गई थी. पटेल ने कथित तौर पर इन नकली डकैतियों से 8,50,000 डॉलर कमाए थे, जिन्हें सजा सुनाए जाने के बाद जब्त कर लिया गया.

DoJ ने अपने बयान में कहा, “आज जिन 11 आरोपियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन पर यह आरोप है कि उन्होंने या तो आयोजक के साथ मिलकर हर डकैती की योजना बनाई, या फिर खुद या अपने परिवार के किसी सदस्य को पीड़ित के तौर पर शामिल करने के लिए पैसे दिए.”

इसमें आगे कहा गया, “वीजा धोखाधड़ी की साजिश रचने के आरोप में पांच साल तक की जेल, तीन साल तक निगरानी में रिहाई और 2,50,000 डॉलर तक के जुर्माने का प्रावधान है. सजा का फैसला फेडरल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज द्वारा अमेरिकी सज़ा दिशानिर्देश और उन कानूनों के आधार पर किया जाता है जो किसी आपराधिक मामले में सजा तय करने के लिए लागू होते हैं.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: SC स्कॉलरशिप योजना इस साल अपने लक्ष्य का सिर्फ आधा ही पूरा कर पाई; फेलोशिप की सीमा 2005 से नहीं बदली


 

share & View comments