चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर राज्य में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं.
उन्होंने आश्वासन दिया कि हरियाणा में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा बिना किसी रुकावट के जारी है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में राज्य में ईंधन और गैस की उपलब्धता की समीक्षा करने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की.
तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति निरंतर बनी हुई है.
सैनी ने बताया कि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
इसके अलावा, तेल कंपनियां निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं ताकि नियमित उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. बयान के अनुसार, सैनी ने राज्य के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी से संबंधित कोई भी शिकायत प्राप्त होने पर तुरंत सख्त कार्रवाई करें.
उन्होंने राज्य के लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की और उनसे अनावश्यक घबराहट या ईंधन और गैस का अत्यधिक भंडारण न करने का आग्रह किया.
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सतर्क है और प्रत्येक घर में घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
