scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान के उत्तर पश्चिम हिस्से में आईईडी बम धमाके में सात पुलिसकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम हिस्से में आईईडी बम धमाके में सात पुलिसकर्मियों की मौत

Text Size:

पेशावर, 13 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए एक आईईडी बम धमाके में कम से कम सात पुलिसकर्मी मारे गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि लक्की मारवत जिले के शादी खेल बेट्टानी इलाके में रसूल खेल चेक पोस्ट के पास नियमित गश्त के दौरान एक पुलिस वाहन आईईडी बम विस्फोट की चपेट में आ गया।

उसने बताया कि बम धमाके के चलते थाना प्रभारी आजम, पुलिस वाहन चालक शाह बहराम एवं चार अन्य पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस के अनुसार विस्फोट में इंसाफुद्दीन नामक एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया तथा तलाशी अभियान शुरू किया। विस्फोट स्थल से सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले में शामिल अपराधियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं तथा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने इस घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments