scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजापानी कंपनी केटीडी ने ओएमसी पावर में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

जापानी कंपनी केटीडी ने ओएमसी पावर में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

Text Size:

नयी दिल्ली/ टोक्यो, 13 मार्च (भाषा) जापानी कंपनी कंसाई ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (केटीडी) ने ओएमसी पावर में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदकर भारतीय ऊर्जा बाजार में कदम रखा है।

ओएमसी पावर इस समय भारत में एक गीगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वाला पोर्टफोलियो तैयार करने की प्रक्रिया में है।

करीब 27 अरब डॉलर वाली कंसाई इलेक्ट्रिक पावर की इकाई केटीडी, ओएमसी पावर में निवेश करने वाली चौथी जापानी कंपनी है। इससे पहले मित्सुई एंड कंपनी, चुबू इलेक्ट्रिक पावर और होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड इसमें निवेश कर चुकी हैं।

ओएमसी पावर के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोहित चंद्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बातचीत में कहा कि दोनों कंपनियां व्यापार सहयोग के लिए एक साल से अधिक समय से बातचीत कर रही थीं।

उन्होंने कहा, ”केटीडी ने भारत के ऊर्जा क्षेत्र में अपना पहला निवेश करने के लिए हमें चुना है। जापानी कंपनियां वर्ष 2017 से ही ओएमसी पावर में निवेश कर रही हैं।”

केटीडी 160 करोड़ रुपये का निवेश करके ओएमसी पावर में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी ले रही है। इस ताजा निवेश के साथ ओएमसी पावर में जापानी कंपनियों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 67 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

केटीडी के निदेशक (बिजली वितरण एवं आईटी) ताकाहारु इतो ने कहा कि उनकी कंपनी ने पूरे भारत में जमीनी स्तर के समुदायों तक विश्वसनीय और स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने के लिए ओएमसी पावर से हाथ मिलाया है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments