scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशरसोई गैस संकट: इंदौर की चाट-चौपाटी में बिजली से पक रहे व्यंजन, सौर ऊर्जा पर भी विचार

रसोई गैस संकट: इंदौर की चाट-चौपाटी में बिजली से पक रहे व्यंजन, सौर ऊर्जा पर भी विचार

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण रसोई गैस की आपूर्ति में व्यवधान के बीच इंदौर की एक मशहूर चाट-चौपाटी के दुकानदारों ने अपना कारोबार बचाने के लिए बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

दुकानदारों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर वे सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों को अपनाने पर भी विचार करेंगे।

इंदौर की 56 दुकान चाट-चौपाटी के व्यापारी संघ के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘शहर में रसोई गैस के वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है। ऐसे में हमने बिजली से चलने वाले उपकरण खरीदकर इनका इस्तेमाल शुरू कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि चाट-चौपाटी के दुकानदारों को रसोई गैस की मौजूदा किल्लत से निराश होने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि ईंधन के वैकल्पिक स्त्रोत मौजूद हैं।

शर्मा ने कहा,‘‘जरूरत पड़ने पर हम व्यंजन पकाने के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर भी विचार करेंगे। ग्राहकों को हमारी चाट-चौपाटी में हर हालत में व्यंजन मिलते रहेंगे।’’

भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने तय पैमानों पर खरा उतरने के कारण 56 दुकान चाट-चौपाटी को ‘क्लीन स्ट्रीट फूड हब’ का दर्जा दे रखा है। इस चाट-चौपाटी में स्वाद के शौकीनों और पर्यटकों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया,‘‘तेल विपणन कंपनियों ने होटल-रेस्तरांओं और कैटरिंग कारोबार में इस्तेमाल होने वाले रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति स्थगित कर दी है ताकि आम लोगों को घरेलू उपयोग वाले सिलेंडर मिलने में दिक्कत न हो।’’

उन्होंने बताया कि प्रशासन ने होटल-रेस्तरांओं और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को भोजन पकाने के लिए ईंधन के वैकल्पिक स्त्रोतों के इस्तेमाल का सुझाव दिया है जिनमें बिजली और डीजल से चलने वाले उपकरण शामिल हैं।

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments