scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशLPG की कमी पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले—‘गुटनिरपेक्ष नीति तोड़ना PM मोदी की सबसे बड़ी गलती’

LPG की कमी पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले—‘गुटनिरपेक्ष नीति तोड़ना PM मोदी की सबसे बड़ी गलती’

केजरीवाल ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत में आने वाली गैस की सप्लाई में भारी कमी आई है, जिसे ईरान नियंत्रित करता है.

Text Size:

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर सरकार के रुख पर भी सवाल उठाए.

राष्ट्रीय राजधानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और इज़राइल का साथ देकर भारत की गुटनिरपेक्ष नीति को “तोड़ दिया”, जिसकी वजह से देश ईंधन संकट का सामना कर रहा है.

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत में आने वाली गैस की सप्लाई में भारी कमी आई है, जिसे ईरान नियंत्रित करता है.

केजरीवाल ने कहा, “देश इस समय गंभीर परेशानी से गुजर रहा है क्योंकि खाना बनाने और उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली LPG गैस की कमी हो गई है. यह LPG गैस के उत्पादन में 50 प्रतिशत कटौती की वजह से हुआ है. देश में इस्तेमाल होने वाली 60 प्रतिशत LPG आयात की जाती है और उस आयात का 90 प्रतिशत होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है. अब हमारा आयात 90 प्रतिशत तक घट गया है. यह इसलिए हुआ क्योंकि इज़राइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया. ईरान अब सिर्फ दोस्त देशों के जहाजों को ही होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने दे रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी गलती यह रही कि जिस संघर्ष में हमारा कोई हित नहीं था, उसमें उन्होंने गुटनिरपेक्ष नीति को खत्म कर दिया.”

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शर्तें मानने का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफा देने की मांग की.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी इज़राइल और अमेरिका के साथ खड़े हो गए. युद्ध शुरू होने से पहले इज़राइल जाकर नेतन्याहू को गले लगाने की क्या जरूरत थी? मुझे यह कहते हुए शर्म आती है, लेकिन लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के गुलाम बन गए हैं. उन्होंने 140 करोड़ लोगों के इस देश को अमेरिका की कॉलोनी बना दिया है. प्रधानमंत्री कमजोर हैं और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है. लोग गुस्से में हैं. ट्रंप ने कहा रूस से तेल मत खरीदो, प्रधानमंत्री ने कहा ‘यस सर’. ट्रंप ने कहा भारतीय सामान पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा और अमेरिकी सामान पर नहीं, प्रधानमंत्री ने कहा ‘यस सर’. अगर प्रधानमंत्री को लगता है कि ट्रंप के पास उनके खिलाफ कुछ है जिससे देश की बेइज्जती हो सकती है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 और 26 फरवरी को इज़रायल का दौरा किया था और वहां अपने समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की थी. इसके दो दिन बाद 28 फरवरी को इज़रायल और अमेरिका ने ईरान पर संयुक्त हमला किया, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई. इसके बाद तेहरान ने पश्चिम एशिया में इज़रायल और अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर जवाबी हमले किए, जिससे संघर्ष और बढ़ गया.

LPG की कमी पर चिंता जताते हुए केजरीवाल ने कहा, “रेस्तरां और होटल इस स्थिति से तुरंत प्रभावित हो रहे हैं. सुरक्षा कारणों से रेस्तरां और होटल LPG स्टोर नहीं कर सकते, इसलिए उन्हें रोज सप्लाई मिलती है. अगर अचानक LPG की सप्लाई कट गई तो उनके पास कुछ दिनों का भी स्टॉक नहीं रहेगा. मुंबई में 20 प्रतिशत रेस्तरां और होटल बंद हो चुके हैं और अगले दो दिनों में 50 प्रतिशत तक बंद हो सकते हैं. पंजाब और दिल्ली-NCR में हजारों रेस्तरां बंद हो सकते हैं. यह शादी का पीक सीजन है. मोरबी, जिसे टाइल उद्योग की राजधानी माना जाता है, वहां 650 में से 170 उद्योग बंद हो चुके हैं. देशभर में करीब एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका है. सरकार ने कमर्शियल और घरेलू LPG के दाम भी बढ़ा दिए हैं.”

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से वैश्विक ऊर्जा सप्लाई प्रभावित हुई है. इसके जवाब में केंद्र सरकार ने घरेलू LPG सप्लाई को प्राथमिकता देने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया है. इसके तहत घरों, अस्पतालों और जरूरी सेवाओं के लिए अधिक LPG आवंटन रखा गया है, जबकि कई क्षेत्रों में कमर्शियल सप्लाई पर पाबंदी लगाई गई है.

सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच 25 दिन का नया अंतराल भी अनिवार्य कर दिया है.

share & View comments