scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशकोच्चि में राजग के सम्मेलन में शामिल होंगे मोदी, रोड शो भी करेंगे

कोच्चि में राजग के सम्मेलन में शामिल होंगे मोदी, रोड शो भी करेंगे

Text Size:

कोच्चि, 11 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को केरल पहुंचेंगे और यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव सम्मेलन का उद्घाटन सहित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह नौसेना अड्डे जाएंगे और फिर सड़क मार्ग से ‘मरीन ड्राइव’ रवाना होंगे, जहां वह अपने पहले कार्यक्रम के तहत धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद वह दोपहर करीब 12 बजे रोड शो में भाग लेंगे जो जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के प्रवेश द्वार से शुरू होगा।

दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर मोदी केंद्र सरकार के एक आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वह कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।

अपराह्न करीब एक बजे मोदी स्टेडियम में राजग के चुनाव सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन केरल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगा।

आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में लगभग 50,000 पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। राजग के कई सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता भी इसमें भाग लेंगे।

कोच्चि में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मोदी अपराह्न करीब ढाई बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना होंगे।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments