भुवनेश्वर, 10 मार्च (भाषा) भारत के कुछ हिस्सों में एलपीजी की आपूर्ति में कमी की खबरों के बीच ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने मंगलवार को कहा कि लोगों को चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि राज्य में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है।
मुख्य सचिव ने यहां तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता से संबंधित स्थिति की समीक्षा की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में रिफाइनरियों/डिपो से खुदरा दुकानों तक एलपीजी की वितरण प्रक्रिया और आपूर्ति शृंखला व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
बयान में कहा गया है कि तेल और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में सूचित किया कि उपभोक्ताओं को रसोई गैस (एलपीजी), पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है।
बयान के मुताबिक, ‘‘इसी प्रकार, शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों को रसोई गैस की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। ’’
मुख्य सचिव ने तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे संयंत्रों में एलपीजी और तेल की उपलब्धता के लिए एक संतुलित आपूर्ति शृंखला बनाए रखें।
भाषा रवि कांत रवि कांत प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
