scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमखेलस्मृति महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार

स्मृति महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार

Text Size:

दुबई, 10 मार्च (भाषा) भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना मंगलवार को जारी हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की महिलाओं की एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई हैं।

स्मृति के अलावा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी आठवें स्थान के साथ शीर्ष 10 में शामिल हैं।

हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत की 0-3 से शिकस्त के बाद जेमिमा रोड्रिग्स एक पायदान नीचे 12वें स्थान पर खिसक गईं।

न्यूजीलैंड की सफेद गेंद की कई स्टार खिलाड़ियों को रैंकिंग में फायदा हुआ है।

न्यूजीलैंड की टीम शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने स्वदेश में तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में जिम्बाब्वे पर 2-0 की विजयी बढ़त बना ली है और इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि नई कप्तान मेली केर बल्ले और गेंद दोनों से अगुआई कर रही हैं।

केर ने श्रृंखला के शुरुआती मैच में चार विकेट लिए और फिर डुनेडिन में दूसरे मैच में शानदार सात विकेट लेकर इसे और बेहतर किया। वह महिलाओं के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में सात या उससे अधिक विकेट लेने वाली कुल सातवीं खिलाड़ी बनीं।

इस प्रदर्शन की बदौलत केर एकदिवसीय गेंदबाजों की सूची में पांच पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर हैं। यह 25 साल की प्रतिभावान खिलाड़ी ऑलराउंडर की सूची में भी एक पायदान के फायदे से पांचवें नंबर पर है।

न्यूजीलैंड की ब्रुक हैलीडे (आठ पायदान ऊपर 11वें स्थान पर) और मैडी ग्रीन (चार पायदान ऊपर 22वें स्थान पर) ने भी बल्लेबाजों की सूची में छलांग लगाई है।

हैलीडे ने श्रृंखला के पहले मैच में 117 गेंद पर नाबाद 157 रन बनाए जबकि ग्रीन ने उसी मैच में 67 रन बनाए और दूसरे मैच में नाबाद 27 रन का योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की श्रीलंका के खिलाफ स्वदेश में तीन मैच की श्रृंखला में बाएं हाथ की बल्लेबाज हसिनी परेरा ने सेंट जॉर्ज में तीसरे और आखिरी मैच में नाबाद अर्धशतक लगाकर श्रीलंका को टी20 श्रृंखला जिताने में मदद की और इस सलामी बल्लेबाजी को नवीनतम बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। हसिनी 15 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 28वें पायदान पर हैं।

इमेशा दुलानी (17 स्थान के फायदे से 72वें नंबर पर) को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है जबकि उनकी हमवतन कविशा दिलहारी को गेंदबाजी रैंकिंग (तीन स्थान ऊपर चढ़कर 21वें पायदान पर) और ऑलराउंडर रैंकिंग (दो स्थान के फायदे से 11वें नंबर पर) में फायदा हुआ है।

वेस्टइंडीज की एफी फ्लेचर श्रृंखला के आखिरी दो मैच में तीन विकेट लेने के बाद गेंदबाजों की सूची में चार स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पायदान पर हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments