scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमखेलपटना पहुंचने पर इशान का जोरदार स्वागत

पटना पहुंचने पर इशान का जोरदार स्वागत

Text Size:

पटना, 10 मार्च (भाषा) भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज इशान किशन मंगलवार को यहां अपने गृहनगर पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

इशान की वापसी काफी प्रेरणादायी रही जो कुछ महीने पहले तक राष्ट्रीय टीम की योजनाओं का हिस्सा भी नहीं थे। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाने से पहले मुश्किल विकेट पर पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेली थी।

इशान को फाइनल की तैयारी के दौरान दुर्घटना में अपनी रिश्ते की बहन की मौत के दुख का भी सामना करना पड़ा था।

पटना पहुंचने पर इशान ने कहा कि टीम भविष्य में और खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। यह भारत का रिकॉर्ड तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है जो खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम भी बनी।

घरेलू क्रिकेट में पड़ोसी राज्य झारखंड के लिए खेलने वाले इशान ने कहा, ‘‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। टीम इंडिया जीत गई है। यह ना सिर्फ हमारे लिए बल्कि पूरे देश के लिए शानदार पल है। मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी खेलते रहेंगे और जीतेंगे। मेरा मानना ​​है कि अगर मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं तो इससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। मैं हमेशा युवाओं को बढ़ावा देने की कोशिश करता हूं।’’

भाषा सुधीर पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments