ठाणे, 10 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मानसिक रूप से अक्षम 13 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घटना पिछले साल 12 दिसंबर को भिवंडी क्षेत्र में हुई थी लेकिन पीड़िता की मां ने आठ मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्राथमिकी में देरी का कोई कारण नहीं बताया है।
कोंगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता और उसकी बहन एक रिश्तेदार के घर गई थीं जहां आरोपी ने कथित तौर पर लड़की की बौद्धिक अक्षमता के बारे में जानते हुए भी उसे गलत तरीके से छुआ।
उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर, आरोपी के खिलाफ सोमवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
