scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशममता ने तृणमूल की महिला इकाई से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन करने को कहा

ममता ने तृणमूल की महिला इकाई से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन करने को कहा

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, सात मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की महिला शाखा एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन करेगी।

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बढ़ती ऊर्जा लागत के बीच घरेलू एलपीजी और वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतों में क्रमशः 60 रुपये और 114.5 रुपये की भारी वृद्धि की गई।

मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के दौरान नामों को हटाए जाने के विरोध में अपने धरने के दूसरे दिन पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना मनमाने ढंग से एलपीजी की कीमतें बढ़ा रही है, जो ‘‘जनविरोधी तरीका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। मैं चंद्रिमा (राज्य मंत्री और तृणमूल की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य) से आग्रह करती हूं कि वे महिलाओं से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ रैलियां आयोजित करने को कहें। जरूरत पड़ने पर काले कपड़े पहनें। हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करेंगे।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘कल उन्होंने एलपीजी की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की। फिर उन्होंने गैस बुकिंग के लिए 21 दिन की ‘लॉक-इन’ समयसीमा लागू कर दी। अगर लोगों का सिलेंडर खत्म हो जाए तो वे क्या करेंगे?’’

बनर्जी ने कहा, ‘‘क्या उन्हें इन मुद्दों पर पहले से विचार नहीं करना चाहिए था? उन्होंने केरोसिन का कोटा भी कम कर दिया है। आप जबरदस्ती कीमतें बढ़ा रहे हैं। आपने इन सब की योजना पहले से क्यों नहीं बनाई? आपने इन बातों पर ध्यान क्यों नहीं दिया?’’

उन्होंने कहा कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन 28 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची से हजारों विवाहित महिलाओं के नाम हटाए जाने के विरोध में भी होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एसआईआर अभ्यास के दौरान कई महिलाओं के नाम इस आड़ में हटा दिए गए हैं कि शादी के बाद उनके उपनाम बदल गए हैं।’’

भाषा गोला पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments