scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअरुणाचल विधानसभा में जीएसटी संशोधन सहित सात विधेयक पेश

अरुणाचल विधानसभा में जीएसटी संशोधन सहित सात विधेयक पेश

Text Size:

ईटानगर, छह मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को सात महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए।

गृह मंत्री मामा नातुंग ने अरुणाचल प्रदेश अग्नि एवं आपातकालीन सेवा विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य राज्य भर में भवनों और परिसरों में अग्नि एवं आपातकालीन सेवाओं के रखरखाव व अग्नि निवारण एवं सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करना है।

शिक्षा मंत्री पासांग दोरजी सोना ने अरुणाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के तबादले एवं पदस्थापन (नियमन एवं प्रबंधन) विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य विभाग में अध्यापन एवं गैर-अध्यापन कर्मचारियों के तबादलों एवं पदस्थापनों को विनियमित करने के लिए एक व्यापक कानूनी ढांचा तैयार करना है।

उपमुख्यमंत्री चोवना मेन ने अरुणाचल प्रदेश वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिनियम, 2017 में संशोधन के लिए विधेयक पेश किया।

मेन के पास वित्त, योजना और निवेश मंत्रालय भी हैं।

उन्होंने राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन अधिनियम, 2006 में संशोधन के लिए भी विधेयक पेश किया।

पंचायती राज मंत्री ओजिंग तासिंग ने स्थानीय प्राधिकरण (दल-बदल निषेध) अधिनियम, 2003 में संशोधन के लिए विधेयक पेश किया।

शहरी मामलों के मंत्री बालो राजा ने अरुणाचल प्रदेश शहरी एवं ग्रामीण योजना (संशोधन) विधेयक पेश किया जबकि संसदीय मामलों के मंत्री पासांग दोरजी सोना ने अरुणाचल प्रदेश विधानसभा सदस्यों के वेतन, भत्ते एवं पेंशन (संशोधन) विधेयक पेश किया।

दोनों विधेयकों का उद्देश्य संबंधित मौजूदा अधिनियमों में संशोधन करना है।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments