रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचे और ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान गए.
यहां मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की. परंपरा के अनुसार पूजा का कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए ग्रामीणों के साथ ‘बाहा पूजा’ के लिए जाहेर थान पहुंचे.
हर वर्ष की तरह इस साल भी मुख्यमंत्री बहा पर्व में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित नजर आए. संस्कृति के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया. मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं. उनके आने की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा गांव पहुंचे और उनसे मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने भी लोगों से आत्मीयता से मिलकर उनकी बातें सुनीं और सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.
