देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों के साथ होली मनाई. उन्होंने कहा कि इस साल होली का त्योहार सिर्फ रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की संस्कृति, आस्था और विकास का संदेश भी देता है.
देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में गढ़वाल, कुमाऊं, जौनसार और तराई क्षेत्रों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं. जौनसार क्षेत्र के कलाकारों ने हरुल नृत्य पेश किया, जबकि कुमाऊं के होल्यार समूहों ने पारंपरिक होली गीत गाकर माहौल को उत्सवमय बना दिया.
मुख्यमंत्री धामी ने भी कलाकारों के साथ नृत्य किया और पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
होली के मौके पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी, रमेश पोखरियाल निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी मुलाकात कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं.
इस दौरान सीएम धामी ने चंपावत में मां पूर्णागिरि धाम मेले का उद्घाटन किया और मंदिर क्षेत्र में पार्किंग, पेयजल और भीड़ प्रबंधन जैसी सुविधाओं के विकास की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है.
