भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर में नगर पालिका परिषद के 100 साल पूरे होने के अवसर पर विकास कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने शुजालपुर नगर पालिका परिषद के नए भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये और नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये देने की बात कही.
मोहन यादव ने कहा कि नगर पालिका परिषद का शताब्दी वर्ष शुजालपुर के हर नागरिक के सम्मान का उत्सव है. यह हमारी विरासत, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जटाशंकर महादेव की कृपा से शुजालपुर नगर पालिका ने जनसेवा और जनकल्याण के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं.
भगवान जटाशंकर महादेव की कृपा से शुजालपुर, जनसेवा और लोककल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर है…
आज शुजालपुर गौरव दिवस 'शताब्दी समारोह' में भोपाल से वर्चुअली जुड़कर सभी नागरिकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
यह शताब्दी वर्ष, क्षेत्र के हर नागरिक के सम्मान, हमारी विरासत, उपलब्धियों और… pic.twitter.com/mVkDSI9AtU
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 5, 2026
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर शुजालपुर में आयोजित शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की.
इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश और देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सरकार की किसान कैबिनेट और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी जैसे फैसलों से इस बार होली का त्योहार और खास बन गया है.
उन्होंने कहा कि किसान कैबिनेट के जरिए सरकार ने किसानों को पूरे उत्साह के साथ होली मनाने का अवसर दिया है. वहीं अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सरकार ने सभी वर्गों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है.
मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है. इसके तहत कृषि से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. हाल ही में आदिवासी बहुल बड़वानी जिले में राज्य की पहली कृषि कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें किसानों के हित में 27,746 करोड़ रुपये के कामों को मंजूरी दी गई.
सरकार ने किसानों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को अगले पांच साल तक जारी रखने का भी फैसला किया है. इसके अलावा राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है.
