scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशराजस्थान में धुलंडी उत्सव की धूम, निजी विश्वविद्यालय में हादसे में 20 छात्र घायल

राजस्थान में धुलंडी उत्सव की धूम, निजी विश्वविद्यालय में हादसे में 20 छात्र घायल

Text Size:

जयपुर, 4 मार्च (भाषा) राजस्थान के अधिकतर जिलों में बुधवार को धुलंडी उत्सव मनाया गया। इससे एक दिन पहले कुछ क्षेत्रों में चंद्र ग्रहण के कारण आंशिक रूप से होली मनाई गई थी।

दूसरी ओर, मंगलवार को अजमेर हाईवे पर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान लगभग 20 छात्र घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि डीजे सेटअप के पास लगाया गया लोहे का चौकोर फ्रेम और क्रेननुमा ढांचा होली उत्सव के दौरान छात्रों पर गिर गई। घायल छात्रों में से 17 को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

छात्र वर्षा नृत्य (रेन डांस) में भाग ले रहे थे, तभी यह ढांचा गिर गया।

राज्य के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही गुलाल अर्पित कर उत्सव की शुरुआत हुई। जयपुर के प्रसिद्ध गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटे और उत्सव में भाग लिया।

जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर ब्रज परंपरा के अनुरूप होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फूलों और रंगों से आगंतुकों के साथ होली खेली।

जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर मंदिर के बाहर भी स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने बड़ी संख्या में उत्सव में भाग लिया।

अजमेर के पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल हुए। हजारों लोग मेले के मैदान में जुटे, डीजे संगीत पर नाचे और रंगों से खेलते रहे।

विभिन्न जिलों में पुलिस लाइन में भी पुलिसकर्मियों ने होली का उत्सव मनाया।

भाषा बाकोलिया अमित हक

हक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments